ऑपरेशन शुद्धी: विंढमगंज पुलिस ने अवैध शराब तस्करी का किया भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार

26 लीटर 280 एमएल अंग्रेजी शराब और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद


सोनभद्र। अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धी’ अभियान के तहत विंढमगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन जाने वाले मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर बोरी में भरकर अवैध अंग्रेजी शराब ले जा रहे दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में विंढमगंज पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की कुल 26 लीटर 280 एमएल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली।
बरामद शराब में 48 बोतल रॉयल स्टैग 180 एमएल, 24 बोतल रॉयल स्टैग 375 एमएल और 48 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 180 एमएल शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुरारी राम (41) पुत्र लगन राम तथा सुरेन्द्र राम (19) पुत्र ललन राम, निवासी ग्राम संध्या, थाना विशुनपुरा, जनपद गढ़वा, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ थाना विंढमगंज में मु0अ0सं0-121/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई और आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामधनी सिंह, कांस्टेबल भूपेन्द्र पाण्डेय, कांस्टेबल राजसोनकर और कांस्टेबल आयुष्मान सिंह शामिल रहे।

ये भी पढ़िए