रक्षाबंधन पर चंदौली में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन: चकिया की मिठाई दुकानों से लिए गए गुलाब जामुन और बर्फी के सैंपल

रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली : आगामी रक्षाबंधन त्यौहार के मद्देनजर शासन एवं जिलाधिकारी चंदौली द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटखोरों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को उप जिलाधिकारी चकिया के सहयोग से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चकिया कस्बे में कई खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तहसील चकिया के समीप स्थित प्रसिद्ध ‘माली स्वीट’ एवं ‘बनारस स्वीट’ की दुकानों से निर्मित की जा रही मिठाइयों—विशेष रूप से गुलाब जामुन और बर्फी के नमूने (सैंपल) संकलित किए गए। संकलित किए गए सभी नमूनों को गुणवत्ता की विस्तृत जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।


यह पूरी कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन तथा कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाई जा रही है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं रणधीर सिंह उपस्थित रहे। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारों के सीजन में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जनपद के विभिन्न शहरी व ग्रामीण इलाकों में आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

ये भी पढ़िए