सोनभद्र। दुद्धी तहसील क्षेत्र के ग्राम जामपानी में बच्चों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए 25.28 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शासन से धनराशि की मंजूरी मिलने पर जनपदवासियों में खुशी की लहर है और लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जामपानी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त समेकित शैक्षिक परिसर विकसित किया जाएगा। विद्यालय में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय को करीब 12 से 15 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किए जाने की योजना है। यहां लगभग 1500 विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालय में बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके शारीरिक, कौशल एवं सह-पाठ्यचर्या संबंधी विकास पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा शैक्षिक परिसर
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक संसाधनों से सुसज्जित संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ही परिसर में बेहतर शिक्षा के साथ खेल, कौशल विकास और अन्य गतिविधियों के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है। एससी-एसटी बाहुल्य दुद्धी क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थियों के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आधुनिक भवन, बेहतर शैक्षिक संसाधन, खेल एवं कौशल विकास की सुविधाएं उपलब्ध होने से जामपानी का यह विद्यालय क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद है। जनपदवासियों का कहना है कि इतने बड़े शैक्षिक परिसर के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की राह मजबूत होगी।

