निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी पर अपर जिलाधिकारी सख्त, घटिया सामग्री मिली तो होगी कार्रवाई

सोनभद्र व चुर्क घुर्मा में निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण, मोरम-ईंट की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी


सोनभद्र,। नगर पालिका सोनभद्र और नगर पंचायत चुर्क घुर्मा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का अपर जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान जहां कई स्थानों पर निर्माण कार्यों में मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए, वहीं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर-4 में वंदन योजना के तहत निर्माणाधीन चण्डी माता मंदिर के अवस्थापना विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में कोटा स्टोन, सीसी रोड, प्रकाश व्यवस्था और पौधरोपण का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के निर्देश दिए। जल निकासी के लिए अनावश्यक नाली के बजाय परिसर को उचित ढाल देकर पानी की निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया। मंदिर की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए पत्थर और पेंटिंग का चयन करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर के बाहर रखी मोरम और गिट्टी की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली। इस पर अपर जिलाधिकारी ने अवर अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में केवल मानक के अनुरूप मोटी अथवा मध्यम दर्जे की मोरम का ही प्रयोग किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी वार्ड में तालाब पर निर्माणाधीन घाट का भी निरीक्षण किया गया। तालाब के चारों भीटों पर पीचिंग का कार्य कराया गया था, जबकि मौके पर काम बंद मिला। तालाब में बड़ी मात्रा में जलकुंभी और अन्य वनस्पतियां मिलने पर अपर जिलाधिकारी ने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। घाट की सीढ़ियों के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री के प्रयोग और कार्य दोबारा शुरू होने पर इसकी सूचना देने को कहा गया।
इसके बाद जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के पास सीएण्डडीएस द्वारा निर्माणाधीन कल्याण मंडपम् का निरीक्षण किया गया। यहां निर्माण में इस्तेमाल की जा रही मोरम और ईंट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं मिली। मौके पर कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता की अनुपस्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। अपर जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक को सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मानक के विपरीत सामग्री मिलने पर संबंधित ठेकेदार के बिल से नियमानुसार कटौती कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्य के दौरान अवर अभियंता की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
चुर्क घुर्मा में भी साफ-सफाई और गुणवत्ता पर सख्ती
नगर पंचायत चुर्क घुर्मा में वंदन योजना के तहत शिव मंदिर परिसर, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, छठ घाट तथा वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निर्मित पार्क का निरीक्षण किया गया। यहां अधिकारियों ने स्वीकृत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी। हालांकि निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर में आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को भी कहा गया।
वहीं चुर्क तिराहे के पास मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत निर्माणाधीन दुकानों और डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी और अवर अभियंता को परियोजना पूर्ण होने तक लगातार निगरानी रखने तथा अपनी देखरेख में मानक के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की अंतिम किश्त शासन से प्राप्त नहीं हुई है। अंतिम किश्त मिलते ही शेष कार्यों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी का स्पष्ट संदेश रहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मानक के विपरीत निर्माण सामग्री मिलने पर जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए