सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी 01 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को शासन की गाइडलाइन एवं माइक्रोप्लान के अनुरूप अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता, साफ-सफाई, जल निकासी, कचरा निस्तारण, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग तथा जनजागरूकता गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाए।
जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से अभियान की तैयारियों, विभागवार प्रशिक्षण और माइक्रोप्लान की जानकारी दी। बैठक में चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यालयों में बच्चों को किया जाएगा जागरूक
सीडीओ ने बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव की जानकारी दी जाए। हाथ धोने की सही प्रक्रिया, पूरी बांह की यूनिफॉर्म पहनने तथा बुखार आने पर क्या करें और क्या न करें, इसके बारे में बच्चों को जागरूक किया जाए। प्रत्येक विद्यालय में हैंडवॉश की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पम्पलेट के माध्यम से प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए।
सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव पर जोर
नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी और कचरा निस्तारण की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। साप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग कराने तथा उसकी फोटो अभियान के व्हाट्सएप ग्रुप पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। चुर्क में सोन पम्प जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने को भी कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कचरा निस्तारण, फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव जैसी गतिविधियां माइक्रोप्लान के अनुसार कराने के निर्देश दिए गए।
स्क्रब टाइफस और लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव की होगी जागरूकता
पशुपालन एवं कृषि विभाग को स्क्रब टाइफस और लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए गोष्ठियां आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। घूमंतू गोवंश को नगर निकायों के माध्यम से तत्काल गो-आश्रय स्थलों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
26 सितंबर तक देना होगा माइक्रोप्लान
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को 26 सितंबर 2026 तक माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट शाम चार बजे तक जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया। जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को अभियान के उद्घाटन कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने तथा आपसी समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधिकारियों ने संचारी रोगों की रोकथाम, स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान को समयबद्ध तरीके से संचालित करने पर जोर दिया।

