खरीफ सीजन में किसानों को बड़ी राहत: सोनभद्र की समितियों को 1017 मीट्रिक टन यूरिया व 1155 मीट्रिक टन डीएपी आवंटित

डीएम ने कहा— कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई, शिकायत मिलते ही होगी जांच

सोनभद्र, । खरीफ अभियान-2026 के दौरान किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की संस्तुति पर जनपद की सहकारी समितियों एवं इफको केंद्रों को यूरिया और डीएपी उर्वरक का आवंटन स्वीकृत कर दिया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार 70 सहकारी समितियों को कुल 1017 मीट्रिक टन यूरिया तथा 73 सहकारी समितियों एवं इफको के 12 केंद्रों को 1155 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा। स्वीकृत आवंटन के अनुरूप पीसीएफ द्वारा संबंधित समितियों और उर्वरक बिक्री केंद्रों पर उर्वरक भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे किसानों को समय पर खाद मिल सके।
जिलाधिकारी ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपने निकटतम सहकारी समिति या अधिकृत उर्वरक बिक्री केंद्र से उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी लेकर निर्धारित सरकारी दर पर ही उर्वरक खरीदें। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि उर्वरकों की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या कृत्रिम अभाव पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी अधिक कीमत वसूले जाने, कालाबाजारी या खाद की कृत्रिम कमी की जानकारी मिले तो वे तत्काल सहकारिता विभाग, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय अथवा अपर जिला कृषि अधिकारी के कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत मिलते ही प्रशासन द्वारा तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़िए