अनपरा पुलिस की बड़ी सफलता, साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में वापस लौटे पूरे पैसे

सोनभद्र/अनपरा : डिजिटल अपराधों पर लगाम लगाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के अभियान में अनपरा थाना पुलिस की साइबर टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आवेदक के साथ हुई 10,101 रुपये की धोखाधड़ी की पूरी राशि उसके मूल खाते में वापस करा दी है।

क्या था मामला

जानकारी के अनुसार, गरबन्धा निवासी श्याम नारायण चौधरी पुत्र देवेन्द्र चौधरी ने 31 अक्टूबर 2025 को हिताची कस्टमर केयर से मदद लेने के लिए गूगल से मिले एक नंबर पर संपर्क किया था। जालसाजों ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर झांसे में लिया और उनके खाते से कुल 10,101 रुपये पार कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र, अभिषेक वर्मा द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अनपरा सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
साइबर टीम ने NCRP पोर्टल के माध्यम से ट्रांजैक्शन का विश्लेषण किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी वाली राशि को संबंधित खातों में होल्ड (फ्रिज) करा दिया। इसके बाद बैंक से आवश्यक पत्राचार और साक्ष्य साझा कर पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक रिफंड करा दी गई। अपनी डूबी हुई रकम वापस पाकर आवेदक ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है। सफलता दिलाने वाली टीम सत्येन्द्र कुमार राय प्रभारी निरीक्षक, थाना अनपरा, हे0का0 आनन्द मोहन बिन्द साइबर हेल्प डेस्क, थाना अनपरा
पुलिस की अपील: रहें सावधान अनपरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी निजी जानकारी जैसे आधार, पैन, नेट बैंकिंग पासवर्ड या OTP किसी के साथ साझा न करें। अनजान QR कोड स्कैन करने या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

ये भी पढ़िए