राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेगा दुद्धी, विशाल तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान

भाजपा मंडल ने नगरवासियों समेत सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों, अधिवक्ताओं व पत्रकारों से किया शामिल होने का आह्वान


दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र। 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी मंडल दुद्धी के तत्वावधान में मंगलवार, 11 अगस्त को नगर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र चेतना से ओतप्रोत यह यात्रा सुबह 10:30 बजे रामलीला मैदान (टीसीडी खेल मैदान) से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ ही दुद्धी नगर व क्षेत्र के ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों ने विचार परिवार, व्यापार मंडल, धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं, अधिवक्ताओं तथा पत्रकार बंधुओं को भी यात्रा में सहभागिता का निमंत्रण दिया है।
आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यात्रा का उद्देश्य नगरवासियों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजकों ने सभी वर्गों से तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन को भव्य बनाने का आह्वान किया है।

ये भी पढ़िए