कार्यभार ग्रहण करते ही एक्शन में मोहन कुमार सिंह, वन माफियाओं पर शिकंजे के साथ कर्मचारियों को सघन गश्त के निर्देश
रिपोर्ट : मदन मोहन,(चंदौली)नौगढ़। मझगाईं वन रेंज में नवागत वन क्षेत्राधिकारी मोहन कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने वन सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठक की और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए।
वन क्षेत्राधिकारी ने वन दरोगाओं, वन रक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनके बीट क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जंगलों में नियमित एवं सघन गश्त बढ़ाई जाए, ताकि अवैध कटान, अवैध खनन और वन्यजीव तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
उन्होंने वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। साथ ही कार्यालयी कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी।
नवागत वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि वन संरक्षण में स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान को गति दी जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से टीम भावना के साथ पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

