सोनभद्र। जनपद में व्यापारियों की सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, प्रतिष्ठानों की निगरानी और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित गोष्ठी में सर्राफा व्यवसायियों, व्यापारियों, बैंक मित्रों, माइक्रो फाइनेंस कर्मियों, पेट्रोल पंप कर्मियों, टोल कर्मियों और टोल प्लाजा प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे, जिन्हें क्षेत्राधिकारी ने गंभीरता से सुनते हुए उनके यथासंभव शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा अधिक धनराशि के लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में भारी वाहनों के संचालन, टोल प्लाजा पर यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों एवं टोल प्लाजा प्रबंधन को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने व्यापारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों से पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित व्यापारिक वातावरण तैयार करने में सभी का सहयोग जरूरी है।

