सोनभद्र में आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा, सीडीओ ने दिए सुधार के निर्देश

आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा में कम प्रगति वाले सूचकों पर सीडीओ ने जताया फोकस

शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और कौशल विकास की प्रगति की हुई समीक्षा, सुधार के लिए विभागवार कार्ययोजना के निर्देश

सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (ABP) की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास तथा आधारभूत संरचना से संबंधित 49 संकेतकों एवं 81 डाटा पॉइंट की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान जनपद की प्रगति की तुलना राष्ट्रीय एवं राज्य औसत से करते हुए कम प्रगति वाले सूचकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा में सितंबर 2026 तक कक्षा 5 से 6 की संक्रमण दर 83.02 प्रतिशत तथा कक्षा 8 से 9 की संक्रमण दर 60.11 प्रतिशत रही। ब्लॉकवार कक्षा 5 से 6 की संक्रमण दर नागवा में 57.83, बभनी में 76.25 एवं दुद्धी में 77.62 प्रतिशत तथा कक्षा 8 से 9 की संक्रमण दर नागवा में 37.63, दुद्धी में 45.24 एवं घोरावल में 49.91 प्रतिशत दर्ज की गई। सभी विद्यालयों में कार्यशील पेयजल एवं विद्युत सुविधा तथा समय से पाठ्यपुस्तक वितरण की स्थिति 100 प्रतिशत रही। वहीं आरटीई मानक के अनुसार छात्र-शिक्षक अनुपात वाले विद्यालयों का प्रतिशत 62.60 प्रतिशत रहा।

स्वास्थ्य एवं पोषण के अंतर्गत टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, नवजात शिशुओं को जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान तथा SAM और MAM सहित विभिन्न संकेतकों की समीक्षा की गई। सितंबर में SAM का प्रतिशत 0.12 एवं MAM का 0.93 प्रतिशत रहा। कृषि एवं पशुपालन में पशुओं के टीकाकरण की प्रगति 74.12 प्रतिशत तथा कृत्रिम गर्भाधान की कवरेज 56.44 प्रतिशत दर्ज की गई। कौशल विकास में प्रशिक्षित युवाओं में रोजगार की दर 44.23 प्रतिशत तथा पोर्टल पर पंजीकृत प्रशिक्षुओं में पूर्ण अप्रेंटिसशिप की दर 66.67 प्रतिशत रही। आधारभूत सुविधाओं के कई संकेतकों में 100 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई, जबकि ग्राम पंचायतों में इंटरनेट कनेक्टिविटी का संकेतक 7.89 प्रतिशत रहा।

सीडीओ जागृति अवस्थी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय एवं राज्य औसत से पीछे चल रहे सभी सूचकों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए विभागवार कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कम प्रगति वाले सूचकों की नियमित समीक्षा, आपसी समन्वय एवं समयबद्ध कार्रवाई के माध्यम से सुधार सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़िए