साइबर पुलिस ने UPI धोखाधड़ी का किया खुलासा,आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र : नीमच के एक व्यक्ति का मोबाइल फोन खोने के बाद उससे यूपीआई (UPI) सक्रिय कर 75,000 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अभियुक्त को सोनभद्र साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर की गई।

घटना 26 फरवरी, 2026 को सामने आई, जब मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र निवासी बच्चालाल बंजारा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका मोबाइल फोन खो गया था, और उसमें लगे सिम का उपयोग कर अज्ञात व्यक्ति ने यूपीआई सक्रिय कर उनके खाते से 75,000 रुपये निकाल लिए। इसके अतिरिक्त, अन्य लेनदेन का प्रयास भी किया जा रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने साइबर थाना को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी से ट्रांसफर की गई 75,000 रुपये की धनराशि को होल्ड करा दिया। प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया।

म्योरपुर पुलिस के सहयोग से अभियुक्त भगवान सिंह (पुत्र स्व. अजय कुमार, निवासी रनटोला, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 20 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने चोरी/खोए हुए मोबाइल का पैटर्न कई प्रयासों के बाद खोल लिया था। उसने मोबाइल स्वामी द्वारा प्रयुक्त 4 अंकों का पासवर्ड व्हाट्सएप सेटिंग्स से प्राप्त किया और फिर यूपीआई के माध्यम से 75,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

अभियुक्त के खिलाफ थाना म्योरपुर में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। इस कार्रवाई में साइबर क्राइम थाना/साइबर सेल सोनभद्र के प्रभारी धीरेन्द्र कुमार चौधरी, थानाध्यक्ष म्योरपुर रामदरश राम, हेड कांस्टेबल संजय कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल चालक शिवनन्दन सिंह, कांस्टेबल सुनील रावत और कांस्टेबल अभिषेक तिवारी शामिल थे।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सिम ब्लॉक कराएं, अपने बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

ये भी पढ़िए