PRV-8503 ने महिला को संरक्षण में लेकर कराया सुरक्षित दाखिला, परिजनों की तलाश जारी
सोनभद्र। थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में रविवार की सुबह लावारिस अवस्था में मिली करीब 60 वर्षीय वृद्ध महिला को सोनभद्र पुलिस ने तत्काल संरक्षण में लेकर सुरक्षित वृद्धाश्रम पहुंचाया। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से असहाय महिला को सुरक्षित आश्रय मिल गया। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त की सुबह करीब 7:34 बजे PRV-8503 को सूचना मिली कि एक वृद्ध महिला क्षेत्र में लावारिस अवस्था में है और वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वृद्ध महिला को अपने संरक्षण में लिया। महिला आरक्षी की सहायता से आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला के परिजनों और पहचान के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।
काफी प्रयास के बावजूद महिला के परिजनों की जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए रविवार को करीब दोपहर 1 बजे वृद्ध महिला को वृद्धाश्रम छपका, सोनभद्र में सुरक्षित रूप से दाखिल कराया।
परिजनों की जानकारी देने की अपील सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त वृद्ध महिला को पहचानता हो अथवा उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी रखता हो, तो तत्काल थाना रॉबर्ट्सगंज के CUG नंबर 9454404286 अथवा क्षेत्राधिकारी नगर के CUG नंबर 9454401595 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि वृद्ध महिला की पहचान और उसके परिजनों तक पहुंचने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।

