गांव में ही विद्यार्थियों और युवाओं को मिलेंगे आधुनिक शिक्षा के संसाधन
सोनभद्र,। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और डिजिटल संसाधनों की पहुंच बढ़ाने की दिशा में शासन की ओर से महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। जिले की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों, युवाओं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ना है।
डिजिटल लाइब्रेरी में ई-बुक्स, डिजिटल अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक वीडियो, ऑनलाइन पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी सामग्री सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक संसाधन उपलब्ध कराने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें गांव में ही बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिल सकेंगी।
परियोजना का विशेष लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों और ग्रामीण युवाओं को मिलने की उम्मीद है। इंटरनेट आधारित शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थी आधुनिक तकनीक से जुड़ेंगे तथा उन्हें शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से शांतिपूर्ण अध्ययन का वातावरण तैयार करने की परिकल्पना की गई है। यहां युवा सामान्य ज्ञान, डिजिटल पुस्तकें और ऑनलाइन अध्ययन सामग्री का उपयोग कर अपने भविष्य की तैयारी कर सकेंगे।
जिले की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना को ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, तकनीक और ज्ञान की पहुंच मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में ये लाइब्रेरी गांवों के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए अध्ययन एवं ज्ञान के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित हो सकती हैं।

