घोरावल/सोनभद्र,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर घोरावल तहसील को विकास की नई सौगात मिली। गुरुवार को क्षेत्राधिकारी घोरावल के आवासीय भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधि-विधान से किया गया। भूमि पूजन घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
क्षेत्राधिकारी घोरावल के आवासीय भवन का निर्माण 62.63 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। भवन के निर्माण से क्षेत्राधिकारी को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही पुलिस विभाग की आधारभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी। इससे पुलिस अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रभावी निर्वहन में सुविधा मिलने तथा आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सीओ घोरावल के आवासीय भवन का भूमि पूजन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की आवासीय एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने से अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य करने में बेहतर सुविधा मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग की आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए आवासीय भवन से क्षेत्राधिकारी घोरावल को बेहतर सुविधा मिलेगी और विभागीय कार्यों के प्रभावी संचालन में सहूलियत होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पुलिस विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

