जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के झारोखुर्द चौराहे के पास शाम करीब साढ़े 5बजे एक टेम्पो बाइक के सामने आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह टेम्पों सवारों में से चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक,टेम्पो दुद्धी की तरफ से मनबसा की ओर जा रही थी। झारोखुर्द चौराहे पर सामने से आ रही एक लूना बाइक के अचानक सामने आ जाने से चालक ने बचने की कोशिश की, लेकिन टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और घायलों को अन्य टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। सिर पर गंभीर चोट होने के कारण रितेश कुमार (21) पुत्र रामप्रकाश निवासी झारोकला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों में चालक अनिल कुमार (26) पुत्र प्रेमचंद्र निवासी झारोकला को हल्की चोटें आई हैं। टेम्पो में सवार सुनैना (50) पत्नी राजाराम निवासी कटौंधी के दाएं हाथ में फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है, जबकि उनकी छोटी बहन परमिला देवी (40) पत्नी शिवशंकर कुशवाहा निवासी बचरा बभनी को भी हल्की चोटें आई हैं।
सीएचसी दुद्धी के डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। रितेश की सिर पर गंभीर चोट को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि बाकी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

