बभनी (सोनभद्र)। जनपद के थाना बभनी अंतर्गत ग्राम बैना में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अखंड हरिकीर्तन से घर वापस लौट रहे एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम बैना निवासी जमुना धरकार (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमुना धरकार गांव में ही आयोजित एक ‘अखंड हरिकीर्तन’ कार्क्रम में शामिल होने गए थे। 19 मार्च 2026 की देर रात जब वह कार्यक्रम से वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, तभी अंधेरे या असावधानी के कारण वह रास्ते में स्थित एक कुएं में गिर गए।
घटना की जानकारी आज सुबह मृतक के पुत्र देवराज द्वारा स्थानीय थाने पर दी गई। पुत्र ने पुलिस को बताया कि कुएं में गिरने के कारण उनके पिता की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार: मामले में फौती सूचना (पंचनामा) अंकित कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है और लॉ एंड ऑर्डर की कोई समस्या नहीं है।
इस आकस्मिक घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

