सील, लॉकिंग सिस्टम और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की हुई जांच
(तौसीफ अहमद)भदोही। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट स्ट्रांग रूम का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण करते हुए संबंधित अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की।.जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम के मुख्य गेट पर लगी सील और लॉकिंग सिस्टम का बारीकी से अवलोकन किया तथा यह सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों से सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की पिछले दिनों की रिकॉर्डिंग भी देखी, ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न रहे। साथ ही स्ट्रांग रूम में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की वैधता तिथि और उनकी कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, चकबंदी अधिकारी राकेश सिंह, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

