बभनी (सोनभद्र)। बभनी-अम्बिकापुर मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। नवाटोला मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रेलर ने टीवीएस मोपेड सवार को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोलर पंप के लिए मिस्त्री लेने जारहा था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवाटोला पोखरा निवासी रामनाथ (45 वर्ष) पुत्र मोहरशाय गुरुवार सुबह अपनी मोपेड से आसनडीह जा रहे थे। मृतक के भतीजे बलवंत ने बताया कि घर पर सोलर पंप लगवाना था, जिसके लिए वे मिस्त्री को बुलाने निकले थे। जैसे ही वह कटरोड से मुख्य मार्ग (मेनरोड) पर पहुंचे, अम्बिकापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामनाथ सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल 112 नंबर और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बभनी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ट्रेलर पुलिस के कब्जे में, परिवार में कोहराम
मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि:
“हादसे के बाद संबंधित ट्रेलर को पुलिस ने पकड़ लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”

