बिजली गिरते ही ठप हुआ नेटवर्क, मोबाइल टावर के उपकरण हुए राख

शक्तिनगर/दुद्धी/राबर्ट्सगंज। जिले में शुक्रवार की रात आंधी-बारिश के बीच हुए भीषण वज्रपात ने संचार व्यवस्था को भी झकझोर दिया। शक्तिनगर थाना क्षेत्र के बीना परिक्षेत्र अंतर्गत चंदुआर गांव, दुद्धी क्षेत्र के रामनगर गांव तथा राबर्ट्सगंज के हमीदनगर में निजी कंपनी के मोबाइल टावर व उससे जुड़े तकनीकी उपकरण वज्रपात की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई महत्वपूर्ण उपकरण जलकर राख होने से कुछ समय के लिए मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहीं।

चंदुआर गांव में शुक्रवार की रात करीब 11 बजे तेज आंधी-बारिश के दौरान मोबाइल टावर पर बिजली गिरने से टावर का तकनीकी ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टावर में लगे कई महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। घटना के बाद क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा अचानक बाधित हो गई।
सूचना मिलते ही कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त उपकरणों का निरीक्षण शुरू किया। कार्य में जुटे तकनीशियन धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि वज्रपात से एसएमपीएस पावर प्लांट, बैटरी बैंक, रेक्टिफायर यूनिट, डीजी अल्टरनेटर, एवीआर कार्ड, टीपीएमएस, वी-टेंगा सहित कई महत्वपूर्ण उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।

इसी तरह दुद्धी क्षेत्र के रामनगर गांव और राबर्ट्सगंज के हमीदनगर में भी वज्रपात से निजी कंपनी के मोबाइल टावरों को नुकसान पहुंचा। इन स्थानों पर भी बिजली गिरने से तकनीकी उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के कारण आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट सेवाएं प्रभावित हुईं।
तकनीकी टीम द्वारा युद्धस्तर पर क्षतिग्रस्त उपकरणों की जांच और मरम्मत का कार्य किया गया। समाचार लिखे जाने तक कुछ क्षेत्रों में संचार सेवाएं बहाल कर दी गई थीं, जबकि शेष प्रभावित उपकरणों को बदलने और व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने की प्रक्रिया जारी रही।

बारिश के साथ बढ़ा वज्रपात का खतरा

जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और आंधी के बीच वज्रपात की घटनाओं ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बिजली गिरने से मोबाइल टावर जैसे ऊंचे ढांचे भी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण और खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से मौसम खराब होने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ये भी पढ़िए