भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ

सोनभद्र,। सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के तहत शुक्रवार को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय परिसर में सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला गंगा समिति, सोनभद्र के तत्वावधान में जिलाधिकारी के निर्देशन तथा प्रभागीय वनाधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने कार्यों में ईमानदारी बनाए रखने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी श्री शत्रुघ्न त्रिपाठी ने विभाग में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना और आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी श्री महेंद्र कुमार गौतम, क्षेत्रीय वनाधिकारी श्री पवन सचान, वरिष्ठ लेखाकार श्री ज्ञानेंद्र सिरोही, स्टेनो श्री जिम्मेदार दास सहित वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए