चन्द्रावती नाला के पास खाली खेत में चल रहा था जुए का खेल, 52 ताश के पत्ते भी मिले
रिपोर्ट: मदन मोहन, चकिया चंदौली। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चन्द्रावती नाला के पास एक खाली खेत में छापेमारी कर जुआ खेल रहे पांच लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने कुल 45,670 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना चकिया पुलिस को सूचना मिली थी कि चन्द्रावती नाला के पास खाली खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुए के फड़ से कुल 45,670 रुपये बरामद किए। इसमें जुए के फड़ से 7,170 रुपये तथा आरोपियों की जामा तलाशी से 38,500 रुपये मिले। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं पांच लोग
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश चौहान निवासी शमशेर नगर, बाबू लाल उर्फ बबलू सोनकर निवासी शमशेर नगर, दरोगा चौहान निवासी मां काली नगर, राहुल शर्मा निवासी मां काली नगर तथा चन्दन सोनकर निवासी शमशेर नगर, चकिया के रूप में हुई है।
जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना चकिया पर मु.अ.सं. 289/2026 के तहत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि क्षेत्र में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

