शक्तिनगर । पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 12 लाख रुपये की अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमलनयन दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने कोहरौल पानी टंकी के पास से करनगिरि (उम्र लगभग 20 वर्ष), पुत्र स्व. राजू गिरि, निवासी पीडब्ल्यूडी मोड़, शक्तिनगर को रात 8:35 बजे गिरफ्तार किया।
कीमत लगभग 12 लाख रुपये
तलाशी के दौरान करनगिरि के पास से 12 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त, एक सैमसंग एंड्रायड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10,000 रुपये है।
इस गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शक्तिनगर में मु0अ0सं0-35/2026 धारा 8/21/27ए/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हेरोइन उपलब्ध कराई थी
पूछताछ में अभियुक्त करनगिरि ने बताया कि वह काफी समय से हेरोइन बेचने का काम कर रहा है और इसी आय से अपने शौक पूरे करता है तथा परिवार का पालन-पोषण करता है। उसने बताया कि 27 फरवरी की रात उसे रॉबर्ट्सगंज निवासी आकाश सोनकर ने हेरोइन उपलब्ध कराई थी। वह बीना से कोहरौल की ओर पैदल जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
करनगिरि ने यह भी बताया कि वह पहले चिल्काडाड निवासी अकरम से भी हेरोइन लेकर बेचता था। उसके अनुसार, आकाश सोनकर बाहरी जनपद से थोक में मादक पदार्थ लाकर वितरित करता है और लाभ आपस में बांटा जाता है। उसने स्वीकार किया कि वह पहले भी हेरोइन बिक्री के मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे, उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव (चौकी प्रभारी बीना), उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल माधवानंद सिंह, हेड कांस्टेबल दिनेश भारती और कांस्टेबल अक्षय यादव शामिल थे। पुलिस ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

