महाशिवरात्रि पर्व पर उमड़ा भक्तों का जन सैलाब गूंज उठे शिवालय

(प्रवीण तिवारी)अंबेडकरनगर : जिले के शिव बाबा शुक्रवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर के सभी शिवमंदिरों में हर-हर महादेव के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इस मौके पर कई मंदिर परिसरों में भव्य मेले का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की की भीड़ को देखते हुए शिव मंदिरों के आसपास पुलिस के जवान तैनात रहे।
शुक्रवार की सुबह चार बजे से ही शिव मंदिरों में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सूर्य निकलते ही शहर के शिव मंदिरों में महिला व पुरुषों की लंबी लाइन लग गई। इस दौरान पूजा को पहुंचे महिला व पुरुष हर-हर महादेव तथा जय भोले शंकर का जयकारा लगाते रहे। जनपद के अयोध्या रोड स्थित शिव बाबा, पूर्वी नाका शहजादपुर काली मंदिर तथा शिवालय घाट सहित नगर के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, भांग, बैर, अक्षत, धूप, दूध तथा जल से पूजा अर्चना करने में जुटे रहे। महाशिवरात्रि को देखते हुए पुलिस कर्मी पूरे दिन सतर्क रहे। प्रशासनिक स्तर पर शहर के सभी शिव मंदिरों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। मंदिर परिसर के अलावा आसपास के इलाकों में पुलिस कर्मियों ने सतर्क निगाहों से नजर रखा। पूरे दिन मंदिरों में सुरक्षा को जवान तैनात दिखे।

ये भी पढ़िए