रेनुकूट पुलिस की बड़ी कार्रवाई; रेलवे पुल के पास चेकिंग के दौरान धरी गई अभियुक्ता
सोनभद्र : जनपद में नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। रेनुकूट चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सवा किलो से अधिक अवैध गांजे के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन में क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में पिपरी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेनुकूट रेलवे पुल के पास एक महिला पुलिस टीम को देखकर तेजी से भागने लगी। संदेह होने पर महिला पुलिसकर्मी की मदद से उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।
झोले में मिला नाजायज गांजा
तलाशी के दौरान महिला के पास मौजूद एक सफेद रंग के झोले से 1.395 किलोग्राम नाजायज गांजा और 300 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त कर अभियुक्ता को हिरासत में ले लिया।
अभियुक्ता का विवरण और कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार की गई अभियुक्ता की पहचान संतोषी (उम्र करीब 52 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय अजय, निवासी चाचा कॉलोनी (रेलवे पटरी के किनारे), रेनुकूट, थाना पिपरी, सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्ता के विरुद्ध थाना पिपरी में धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेजने की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे: उ0नि0 कुँवर सिंह (चौकी प्रभारी रेनुकूट)
हे0का0 शंकर लाल व हे0का0 रामजीत यादव
म0का0 अर्चना (महिला कांस्टेबल शामिल रहे। पुलिस का संदेश: जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

