चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के ग्राम सराय रसूलपुर में लाइब्रेरी की आड़ में संचालित फर्जी शेयर मार्केट ‘इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी’ कॉल सेंटर का चंदौली पुलिस और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य संचालक आनंद मौर्य समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी “Readers Community Club” नामक लाइब्रेरी की आड़ में लोगों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार लैपटॉप, 24 मोबाइल फोन, 42 सिम कार्ड, 250 जीबी की सीगेट इंटरनल हार्ड डिस्क, एक हस्तलिखित डायरी और दो रजिस्टर बरामद किए हैं।
250 संभावित ग्राहकों का डेटा बरामद
बरामद डायरी और रजिस्टरों की जांच में करीब 250 संभावित ग्राहकों का विवरण मिला है। पुलिस ने डायरी में दर्ज कुछ नंबरों पर संपर्क किया तो शुरुआती बातचीत में ही तीन पीड़ितों से करीब 9.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई।
ऐसे करते थे ठगी
पूछताछ में मुख्य आरोपी आनंद मौर्य ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सदस्य लोगों को फोन कर खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ और रजिस्टर्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताते थे। कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर वे ग्राहकों से उनके डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट की जानकारी व पासवर्ड हासिल कर लेते थे।
इसके बाद आरोपी खुद खातों से ट्रेडिंग करते थे। ट्रेडिंग में जब खाताधारकों को भारी नुकसान हो जाता था तो आरोपी अपने मोबाइल नंबर बंद कर देते और पीड़ितों से संपर्क तोड़ लेते थे। नुकसान की पूरी जिम्मेदारी खाताधारक पर ही रह जाती थी।
12 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य संचालक आनंद मौर्य के अलावा प्रकाश मौर्य, जोगिंदर मौर्य, सिद्धार्थ मौर्य, अभिषेक विश्वकर्मा, विकास शर्मा, कुशवाहा, प्रीतम कुमार मौर्य, अमन कुमार मौर्य, आकाश मौर्य, विशाल गौड़ और विशाल मौर्य शामिल हैं।
BNS और IT एक्ट में मुकदमा
कार्रवाई थाना बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, व0उ0नि0 अनंत कुमार भार्गव, उ0नि0 अभिषेक शुक्ला (साइबर सेल) और उ0नि0 जमीलुद्दीन खान की टीम ने की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना बलुआ में मु0अ0सं0 254/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2), 3(5) और 66D आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब NCRB पोर्टल के माध्यम से गिरोह से जुड़े अन्य ठगी के मामलों की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट: मदन मोहन, जनपद चंदौली

