ड्यूटी के दौरान सुरक्षा प्रहरी की संदिग्ध मौत, निजी संस्थान ने परिजनों को दी 3 लाख की आर्थिक सहायता

अनपरा। औड़ी-सिंगरौली मुख्य मार्ग स्थित भारत बेंज (ममता मोटर्स) परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार निजी सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से तैनात सुरक्षा कर्मी 52 वर्षीय बावन सुभा भारती पुत्र स्व. रामलोचन, निवासी डिबुलगंज का शव चालक रूम में संदिग्ध हालत में मिला।
मौके पर मौजूद दूसरे सुरक्षा कर्मी ने बताया कि मृतक ने स्वास्थ्य खराब होने की बात कहकर आराम करने के लिए चालक रूम में चला गया था। सुबह करीब 7 बजे जब वह नहीं उठा तो उसे जगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि मृतक से जबरन 12 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही थी, जिससे वह मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान था। परिजनों ने कार्यदायी संस्था को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद निजी सुरक्षा संस्थान के अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को सहायता स्वरूप तीन लाख रुपये नगद दिए, जिसके बाद परिजन शांत हुए।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़िए