सोनभद्र : अनपरा में वादी ने एक युवक पर छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वादी ने अनपरा थाने में दी तहरीर में कहा है कि विकास उर्फ विक्की पुत्र भोला राम निवासी ग्राम कुंलडोमरी टोला लोझरा पोस्ट खजुरा उम्र 29 वर्ष ने उसके साथ अशोभनीय हरकत का प्रयास किया।
महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया। इस घटना से महिला मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस से शिकायत की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की।
थाना प्रभारी सत्येन्द्र राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
अनपरा थानाप्रभारी ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाने की मांग की है।

