सोनभद्र,। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से विशेष पहल की गई। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत अटल आवासीय विद्यालय, सर्वोदय बालिका विद्यालय और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के छात्र-छात्राओं को देशभक्ति पर आधारित फिल्म ‘बॉर्डर-2’ दिखाई गई।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बड़े पर्दे पर भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को करीब से महसूस किया। फिल्म के भावुक और प्रेरणादायी दृश्यों के दौरान बच्चों में उत्साह और राष्ट्रप्रेम की झलक देखने को मिली।
फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश भी मिला कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। सीमा पर तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटते। उनके साहस और बलिदान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को देशहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों को तिरंगे के सम्मान, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों ने भी राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने और देश के सम्मान को सदैव सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन से कहीं अधिक प्रेरणा का माध्यम बना। वीर जवानों के शौर्य की कहानी ने बच्चों के मन में देश के प्रति सम्मान और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को और गहरा किया।

