राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल पोलवा में चोरों का धावा, दो बड़ी बैटरियां चोरी

कंटीली तार काटकर परिसर में घुसे चोर, चेहरा छिपाने के बाद सीसीटीवी के तार भी काटे


जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी, दुद्धी, सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली ग्राम पोलवा स्थित राष्ट्रीय हायर सेकेंडरी स्कूल में रविवार की देर रात चोरों ने धावा बोलकर इन्वर्टर एवं सोलर सिस्टम में लगी दो बड़ी बैटरियां चोरी कर लीं। चोर विद्यालय की बाउंड्री पर लगी कंटीली तार काटकर परिसर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। घटना से विद्यालय की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हो गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 12 बजे चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाया। बाउंड्री की कंटीली तार काटकर परिसर में प्रवेश करने के बाद चोर बाथरूम की ओर से अंदर पहुंचे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए उन्होंने कैमरे के सामने बाल्टी से अपना चेहरा ढक लिया। इसके बाद कैमरों के तार काट दिए और इन्वर्टर व सोलर सिस्टम में लगी दोनों बड़ी बैटरियों को निकाल लिया।
सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर कर्मचारियों को विद्युत आपूर्ति बंद मिली। जांच करने पर इन्वर्टर की दोनों बैटरियां गायब मिलीं। वहीं सीसीटीवी के तार कटे हुए तथा बाउंड्री की कंटीली तार क्षतिग्रस्त पाई गई। चोरी की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर विद्यालय के चेयरमैन मकसूद आलम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद विंढमगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा कटी हुई तार, सीसीटीवी के तार और बैटरी रखने वाले स्थान सहित अन्य बिंदुओं की जांच की।
विद्यालय के कोऑर्डिनेटर राजेश प्रसाद ने विंढमगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर चोरी का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी गई दोनों बैटरियों की बरामदगी की मांग की है। पुलिस उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और घटना के खुलासे में जुटी है।

ये भी पढ़िए