साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक, तीन अन्य बाल-बाल बचे
बभनी/सोनभद्र : स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनी-अम्बिकापुर मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा मधुघूटरा गांव के समीप उस वक्त हुआ जब एक साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई।
आधार कार्ड सुधरवाकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के पतेरीटोला निवासी प्रमोद कुमार (14) पुत्र अशर्फी लाल, अपने साथियों विजय कुमार (22), राकेश और काजल के साथ आधार कार्ड सुधरवाने के लिए छत्तीसगढ़ के वाड्रफनगर गए थे। शाम को सभी एक ही बाइक पर सवार होकर वापस घर लौट रहे थे।
अनियंत्रित होकर ट्रक के नीचे आया किशोर
जैसे ही बाइक मधुघूटरा के पास पहुंची, अचानक सड़क पर एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में बाइक चालक विजय कुमार ने संतुलन खो दिया, जिससे बाइक पर सवार प्रमोद और दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक का पहिया गिरने के कारण प्रमोद के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, विजय और अन्य दोनों बच्चे (राकेश व काजल) इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत बभनी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया: “मृतक के पिता अशर्फी लाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”

