सोनभद्र : के डायट परिसर स्थित सभागार में जनगणना-2027 के प्रथम चरण (22 मई से 20 जून 2026) के अंतर्गत “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्य हेतु चयनित द्वितीय बैच के फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स डॉ. के.एन. उपाध्याय एवं श्री सौरभ सिंह द्वारा प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया, निर्धारित प्रश्नों के उत्तरों की डिजिटल प्रविष्टि, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा त्रुटिरहित डेटा संकलन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला गया, जिससे जनगणना कार्य को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी उपजिलाधिकारी, घोरावल द्वारा बताया गया कि जिला प्रशासन की अपेक्षा है कि सभी फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का पूर्ण उपयोग करते हुए कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराएं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी जिज्ञासाओं का समाधान करने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में उनके द्वारा प्रशिक्षित किए जाने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स से किसी प्रकार की त्रुटि न हो।
इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की ओर से प्रियासा सिंह तथा जिला प्रशासन की ओर से श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव द्वारा फील्ड ट्रेनर्स की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए जनगणना कार्य को सफल बनाने का संकल्प लिया।

