सोनभद्र: ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत पुलिस का कड़ा रुख, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर चलाया जागरूकता अभियान

सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को समर्पित ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत सोनभद्र पुलिस ने जनपद में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. चारु द्विवेदी (सहायक नोडल अधिकारी) के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया। एसिड विक्रेताओं पर पैनी नजर, दी कड़ी चेतावनी अभियान के दौरान जनपद के बाजारों में एसिड (तेजाब) बेचने वाली दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने साफ निर्देश दिए हैं कि बिना वैध पहचान पत्र और उचित अभिलेखों के एसिड की बिक्री कतई न की जाए। दुकानदारों को स्टॉक रजिस्टर और सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। स्कूलों और बाजारों में ‘गुड टच-बैड टच’ की जानकारी पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और ग्राम सभाओं में जाकर छात्राओं और महिलाओं को गुड टच-बैड टच तथा आत्मरक्षा के गुर सिखाए। इसके साथ ही महिला उत्पीड़न से संबंधित विधिक प्रावधानों और अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

साइबर ठगों से सावधान रहने की अपील

बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए पुलिस ने साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया। संवाद के दौरान महिलाओं को सतर्क किया गया किबकिसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें। संदिग्ध लिंक या फर्जी कॉल के झांसे में न आएं। सोशल मीडिया का उपयोग करते समय निजता का ध्यान रखें।
संकट के समय इन नंबरों पर करें संपर्क

सोनभद्र पुलिस ने जनमानस से अपील की है कि किसी भी विषम परिस्थिति या अपराध की सूचना तत्काल निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर दें हेल्पलाइन सेवा नंबर आपातकालीन सेवा 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090/1091, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181पुलिस का संदेश: “महिला सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जागरूक रहें, सुरक्षित रहें।”

ये भी पढ़िए