सोनभद्र : प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए जनपद में ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण का आगाज हो चुका है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में शुक्रवार को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करते हुए सुरक्षा के विभिन्न आयामों की जानकारी दी गई।
विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर हुआ संवाद
अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पुलिस टीमों ने सीधा संवाद स्थापित किया। पुलिस अधिकारियों ने लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह रोकने और महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। कार्यक्रम में बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में विस्तार से समझाते हुए आत्मरक्षा (Self-defense) के प्रति प्रेरित किया गया।
साइबर ठगों से बचने की दी गई सलाह
बढ़ते डिजिटल युग में महिलाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए गए। पुलिस ने आगाह किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखें। फर्जी कॉल या संदिग्ध लिंक के खतरों के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इन हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी पुलिस प्रशासन ने महिलाओं को संकट के समय तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण नंबर साझा किए: 112: आपातकालीन पुलिस सेवा, 1090/1091: महिला पावर लाइन, 1930: साइबर अपराध हेल्प डेस्क 181: महिला हेल्पलाइन, 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सुरक्षा और सम्मान हमारी प्राथमिकता: एसपी पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के मन से भय को दूर कर उन्हें सशक्त बनाना है। जनपद के हर थाने की महिला बीट आरक्षी गांवों और मोहल्लों में जाकर महिलाओं से संवाद कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

