अनपरा की साइबर टीम की तत्परता से ठगी की धनराशि 19,468 पीड़िता के खाते में वापस

सोनभद्र : पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना अनपरा की साइबर टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। आवेदिका श्रीमती सुमन सोनी पत्नी प्रमोद सोनी निवासी आदर्शनगर थाना अनपरा जनपद सोनभद्र के साथ दिनांक 02.09.2025 को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा टेलीग्राम ऐप के माध्यम से “क्रिप्टो में पैसा डबल करने” का झांसा देकर कुल 73,000 की ठगी कर ली गई थी। पीड़िता द्वारा तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं National Cyber Crime Reporting Portal (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अनिल कुमार के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी पिपरी श्री हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना अनपरा श्री सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में साइबर टीम द्वारा एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन कर त्वरित कार्रवाई की गई। संबंधित बैंक खातों में ट्रांजेक्शन को होल्ड कराते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा बैंक शाखा से समन्वय स्थापित कर 19,468 उन्नीस हजार चार सौ अड़सठ रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़िता के मूल बैंक खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर आवेदिका द्वारा पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

ये भी पढ़िए