सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए ‘मिशन शक्ति 5.0’ का दूसरा चरण पूरे उत्साह के साथ संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग किया गया।
सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध शंखनाद
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गांवों, बाज़ारों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह और महिला उत्पीड़न जैसे गंभीर विषयों पर संवाद किया। अधिकारियों ने जोर दिया कि समाज में महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा और भेदभाव को केवल शिक्षा और जागरूकता से ही समाप्त किया जा सकता है।

सुरक्षा और साइबर क्राइम का पाठ
छात्राओं और महिलाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ की पहचान बताने के साथ-साथ आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए गए। वर्तमान में बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को देखते हुए पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। नागरिकों को आगाह किया गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें और संदिग्ध लिंक या कॉल से सावधान रहें।
आपकी सुरक्षा के लिए ‘एक कॉल’ की दूरी
पुलिस ने महिलाओं को विषम परिस्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी: 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090/1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 1930 – साइबर अपराध सहायता, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस का यह अभियान जनपद की महिलाओं में विश्वास जगाने और अपराधियों में भय पैदा करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।

