सोनभद्र : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया गया। यह अभियान अभिषेक वर्मा, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में तथा डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी यातायात (सहायक नोडल अधिकारी, मिशन शक्ति 5.0) के नेतृत्व में समस्त थाना क्षेत्रों में आयोजित किया गया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी प्रदान की गई। अभियान के प्रमुख बिंदु, गुड टच-बैड टच एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूकता, आत्मरक्षा के सरल एवं व्यवहारिक उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी, हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग एवं त्वरित सहायता की प्रक्रिया, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय
अभियान के दौरान ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल/लिंक, सोशल मीडिया दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं OTP साझा न करने के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया। यह स्पष्ट किया गया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें—प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ऑपरेशन शील्ड – एसिड विक्रय पर सख्त निगरानी-
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा को और सुदृढ़ करने हेतु जनपद के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में एसिड/तेजाब विक्रय करने वाली दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एसिड विक्रय से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई। बिना वैध पहचान पत्र एवं अभिलेख के एसिड विक्रय न करने के निर्देश दिए गए। दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, विक्रय अभिलेख एवं सीसीटीवी व्यवस्था की जांच की गई। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर- 112 – आपातकालीन सेवा, 1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ऐसे जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर संचालित किए जाते रहेंगे।

