रिपोर्ट मदन मोहन चन्दौली। थाना कोतवाली चन्दौली पुलिस ने अवैध शराब के भंडारण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैली रोड स्थित एक मकान से 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 10 पुरुषों, 2 महिलाओं और 2 बाल अपचारियों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया है।
तड़के सुबह हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में टीम ने 25 नवम्बर 2026 को सुबह करीब 06:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर दबिश दी। बिना वैध अनुमति के भंडारित मिली अवैध शराब के साथ मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UP67W1979) और ₹26,570 नकद भी जब्त किए गए।
बिहार के कई जिलों से आए आरोपी शामिल
हिरासत में लिए गए लोगों में चन्दौली के साथ-साथ बिहार के औरंगाबाद, पटना, सिवान और सहरसा जिलों के निवासी भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों में बलवन गुप्ता, पंकज कुमार, मनोज कुमार, सचिन कुमार, अब्दुल अंसारी, बाबू लाल कुमार, मनोज सिंह, उदय कुमार, सुबोध, कैलाश मण्डल, सैरो देवी और शारदा देवी के अलावा दो बाल अपचारी शामिल बताए गए हैं।
आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना चन्दौली में मु0अ0सं0-544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/60/63 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम में उ0नि0 राजेश कुमार, उ0नि0 मारकण्डेय सिंह, उ0नि0 हरेन्द्र यादव, का0 तनिष्क साहू, का0 प्रियेश यादव, का0 आदर्श शर्मा, म0का0 रागिनी सिंह और म0का0 उर्वशी सिंह शामिल रहे। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

