लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत, पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए डीएम ने मांगा सहयोग

सोनभद्र। मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम दर्ज होने से छूटने न पाए, इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। आगामी 28 एवं 29 नवंबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। खास बात यह होगी कि मतदाता सूची को पढ़कर भी सुनाया जाएगा, ताकि लोग अपने नाम की पुष्टि कर सकें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करा सकें।
इस संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने तथा किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न रहने देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि 28 और 29 नवंबर को चलने वाले विशेष अभियान का अधिक से अधिक पात्र नागरिक लाभ उठाएं। जिन युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, वे संबंधित बूथ पर पहुंचकर अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद जरूरी है।
डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने स्तर से कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को जागरूक करें और अभियान को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष अभियान के दौरान पूरी सक्रियता के साथ बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराएं।
बैठक में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शम्भू नारायण सिंह, समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय प्रभारी अनिल प्रधान, अपना दल (एस) के जिला मीडिया सचिव नीरज सिंह पटेल, बहुजन समाज पार्टी के श्याम लाल एवं श्रवण कुमार, सीपीआई (एम) के जिला मंत्री नन्दलाल आर्य तथा आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए