बेचूबीर बाबा धाम के चढ़ावे पर पुलिस की नजर! 70 हजार वसूली का गंभीर आरोप

सीएम पोर्टल समेत उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेज निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

सीओ मड़िहान करेंगे सीएम पोर्टल पर हुई शिकायत की जांच

अहरौरा एसओ के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो डीएम कार्यालय मिर्जापुर के समक्ष आमरण अनशन पर बैठेंगे बेचूबीर बाबा के वंशज


फोटो: रोशनलाल यादव एडवोकेट वंशज एवं व्यवस्थापक बेचूबीर बाबा मंदिर।

    सोनभद्र/मिर्जापुर। मिर्जापुर जिला अंतर्गत अहरौरा थाना क्षेत्र के जंगल महाल गांव स्थित प्रसिद्ध बेचूबीर बाबा धाम पर लगने वाली तीन दिवसीय मेला में चढ़े चढ़ावा की अहरौरा पुलिस द्वारा जबरन वसूली का मामला प्रकाश में आया है। बेचूबीर बाबा के वंशज एवं व्यवस्थापक रोशनलाल यादव एडवोकेट ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर और रजिस्टर्ड डाक से उच्चाधिकारियों को भेजकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायत की जांच सीओ मड़िहान को मिली है। वहीं अहरौरा एसओ के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होने पर डीएम कार्यालय मिर्जापुर के समक्ष बेचूबीर बाबा के वंशजों ने आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
    शिकायती पत्र में बेचूबीर बाबा के वंशज एवं व्यवस्थापक रोशनलाल यादव एडवोकेट ने अहरौरा थानाध्यक्ष अजय मिश्रा एवं एसआई संजय सिंह के ऊपर गम्भीर आरोप लगाया है। आरोप है कि बेचूबीर बाबा धाम में 18 नवंबर से 20 नवंबर तक तीन दिवसीय मेला लगा था, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची थी। ऐतिहासिक मेला एवं पूजन कार्य सम्पन्न होने पर बेचूबीर बाबा धाम पर चढ़े चढ़ावे में से जबरन अहरौरा एसओ एवं एसआई द्वारा क्रमशः 50 हजार रुपये व 20 हजार रुपये कुल 70 हजार रुपये बेचूबीर बाबा के वंशजों से वसूल किया गया। इतना ही नहीं दूसरे दिन 50 हजार रुपये और न देने पर धमकी भी दी गई। जिसकी वजह से व्यवस्थापक एवं वंशजों को मानसिक आघात पहुंचा है। व्यवस्थापक ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर एवं उच्चाधिकारियों को रजिस्टर्ड डाक से शिकायती पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। मुख्यमंत्री पोर्टल की शिकायत की जांच सीओ मड़िहान को मिली है। वंशजों का कहना है कि अगर अहरौरा एसओ के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं होती तो डीएम मिर्जापुर कार्यालय के समक्ष बेचूबीर बाबा के वंशज आमरण अनशन पर बैठेंगे।

    ये भी पढ़िए