मतदाता सूची में नाम नहीं तो तुरंत करें आवेदन, 1950 टोल फ्री नंबर से मिलेगी पूरी जानकारी

सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। अब 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन भी करा सकते हैं।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने, मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को सुधारने तथा अपात्र नामों के संबंध में आपत्तियां दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए मतदाता अपने संबंधित बूथ के बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जनपद में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर (जिला संपर्क केंद्र) स्थापित किया गया है। मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 एवं 05444-297757 पर संपर्क कर पुनरीक्षण अभियान से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही अपने सुझाव और शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों दिनों में संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे और मतदाताओं से नाम जोड़ने, संशोधन कराने तथा अन्य दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता एवं अन्य विवरणों में कोई त्रुटि है तो निर्धारित समयावधि में आवेदन कराएं। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।

ये भी पढ़िए