चोपन (सोनभद्र)। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में चोपन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित और तकनीकी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के साथ हुई ₹1,70,998 की साइबर ठगी की पूरी धनराशि वापस करा दी है। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर पीड़ित ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
क्या था मामला?
जानकारी के अनुसार, आवेदक मनीष कुमार को 12 दिसंबर 2025 को अज्ञात साइबर अपराधियों ने मोबाइल पर एक संदिग्ध वेडिंग कार्ड APK फाइल भेजा था। मनीष ने जैसे ही उस फाइल को इंस्टॉल किया, ठगों ने उनके मोबाइल का अनधिकृत एक्सेस (OTP और बैंकिंग जानकारी) प्राप्त कर लिया। इसके तुरंत बाद उनके बैंक खाते से ₹1,70,998/- निकाल लिए गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़ित द्वारा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चोपन पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क सक्रिय हुई। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी विश्लेषण और ‘डिजिटल ट्रेल’ के माध्यम से संदिग्ध लेन-देन का पता लगाया। पुलिस ने तत्काल संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि को फ्रीज कराया और विधिक प्रक्रिया पूरी कर संपूर्ण राशि पीड़ित के खाते में वापस भेज दी।
ईनकी रही मुख्य भूमिका इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली टीम में अखिलेश कुमार मिश्रा प्रभारी निरीक्षक, थाना चोपन, म.का. प्राची शुक्ला, म.का. शैलजा सिंह शामिल रही।
सावधान: पुलिस की विशेष अपील
चोपन पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या apk फाइल जैसे फर्जी शादी का कार्ड, बिजली बिल अपडेट या लॉटरी को डाउनलोड न करें। यदि आप साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो बिना देरी किए 1930हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

