सोनभद्र। पुलिस कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व प्रकरण समेत पुलिस से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एसपी ने प्रत्येक मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण जांच कर पीड़ितों को कार्रवाई की जानकारी भी समय से दी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप जरूरी है, उनमें बिना देरी के विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या उत्पीड़न पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

