सोनभद्र। श्रावण मास में शिवद्वार मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार को घोरावल क्षेत्र स्थित शिवद्वार मंदिर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास मार्ग और आसपास तैनात पुलिस बल की ड्यूटी चेक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरे से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने को कहा। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर और आसपास कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में दर्शन-पूजन की सुविधा मिल सके।

