पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा दुद्धी

(जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी, सोनभद्र। श्रावण मास के पावन प्रथम सोमवार को दुद्धी नगर पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा नजर आया। तड़के सुबह से ही नगर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घंटा-घड़ियाल की गूंज, शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठे।
नगर के प्राचीन शिवाला मंदिर, श्री कन्हरेश्वर महादेव मंदिर, लौवा नदी स्थित श्री हीरेश्वर नाथ शिव मंदिर, कैलाश कुंज द्वारा मल्देवा तथा शिवाजी तालाब स्थित प्राचीन शिवालय सहित विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया।
शिवभक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, फूल और फल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिरों में पूजा-अर्चना के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोलेनाथ’ के जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मान्यता है कि सावन सोमवार को श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र अर्पित करने से भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
प्रमुख शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से पूरा दुद्धी नगर शिवमय और भक्तिमय नजर आया।

ये भी पढ़िए