म्योरपुर, सोनभद्र। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत म्योरपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला के कब्जे से 1 किलो 478 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर 2026 को सुबह करीब 6:30 बजे थाना म्योरपुर पुलिस ने एयरपोर्ट रोड स्थित लहरा मोड़, ईदगाह के पास से सुनैना पत्नी सुरेन्द्र कुमार (करीब 40 वर्ष), निवासी कस्बा म्योरपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से उक्त गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना म्योरपुर में मु0अ0सं0-110/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्ता को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में की गई।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बलजीत भारद्वाज, कांस्टेबल रामसूरत वर्मा, कांस्टेबल राहुल कुमार और महिला कांस्टेबल साक्षी शामिल रहीं।

