भव्य समारोह में व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, विधायक सुशील सिंह ने सुरक्षा व विकास का दिया भरोसा
रिपोर्ट : मदन मोहन चंदौली कमालपुर। स्थानीय कमालपुर बाजार में रविवार की शाम उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (रजि.) के तत्वावधान में व्यापार मंडल कमालपुर का शपथ ग्रहण समारोह धूमधाम एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप और ‘व्यापारी एकता जिंदाबाद’ के नारों से पूरा बाजार गूंज उठा। समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम से पूर्व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के कमालपुर पहुंचने पर व्यापारियों ने जोरदार स्वागत किया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पदाधिकारियों और व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ बाजार में पदयात्रा निकाली। इस दौरान ‘कौम-पार्टी कोई भी हो, पहले हम व्यापारी हैं’ जैसे नारों से बाजार में उत्साह का माहौल रहा।
समारोह में कमालपुर व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद रस्तोगी एवं उनकी टीम ने मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह, मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि, जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि सहित अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने अध्यक्ष आनंद रस्तोगी, महामंत्री, कोषाध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

व्यापारियों की सुरक्षा प्राथमिकता : सुशील सिंह
मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि व्यापारियों से उनका पुराना और पारिवारिक संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जरूरतमंद व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस दिलाने में सहयोग करने तथा कमालपुर बाजार में जल्द स्ट्रीट लाइट लगवाने की बात कही। मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि ने कहा कि जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में चंदौली जिले के व्यापार मंडल के संघर्षों की चर्चा प्रदेश स्तर पर हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार से व्यापारियों के बीच भयमुक्त वातावरण बना है।
व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं : लक्ष्मीकांत अग्रहरि
जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने व्यापारियों से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या ज्यादती की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के लिए एकजुट होकर कार्य कर रहा है।
प्रदेश मंत्री चंद्रेश्वर जायसवाल एवं वरिष्ठ जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल ने कहा कि जिले के सभी 23 बाजारों को संगठन से जोड़ने का कार्य चल रहा है। प्रशासनिक एवं सुरक्षा बैठकों के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी, वरिष्ठ जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल और जिला महामंत्री महमूद आलम ने भी संबोधित किया। संचालन जिला मंत्री गोपाल उर्फ पिंटू यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कमालपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद रस्तोगी ने किया।
इस दौरान गुलाब साहू, भानु यादव, राजीव अग्रहरि, नीरज अग्रहरि, दिलीप त्रिशूलिया, विनोद अग्रहरि, संजय रस्तोगी, अमित जायसवाल, प्रदीप उर्फ पिंटू, राजकुमार मोदनवाल, जयप्रकाश यादव, सीके राहुल, अंजनी सिंह, अजहर खान, सतीश सेठ, दीपक प्रजापति, कुंदन चौहान, हनुमान चौरसिया, मुरारी लाल, आफताब इदरीशी, रत्नेश गुप्ता, संतलाल मौर्य, पंकज प्रसून पाण्डेय, कैलाश यादव, राजेन्द्र सिंह, अंकित जायसवाल, अमन अली, दिलीप जायसवाल सहित सैकड़ों व्यापारी मौजूद रहे।

