बाल मजदूरी और यातायात नियमों की अनदेखी पर दो वाहनों के चालान, चालकों को दी कड़ी चेतावनी
रिपोर्ट : मदन मोहन, चंदौली। थाना नौगढ़ क्षेत्र के हरियाबाद चौकी अंतर्गत मजगामा पुल पर सोमवार को पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। हरियाबाद चौकी प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में हुई चेकिंग के दौरान पिकअप वाहनों में क्षमता से अधिक मजदूरों को असुरक्षित तरीके से ले जाते पाए जाने पर दो वाहनों का चालान किया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ पिकअप वाहनों में मजदूरों को अंदर के अलावा छत और डाले पर भी बैठाकर ले जाया जा रहा था। कई लोग वाहनों के डंडे का सहारा लेकर खतरनाक स्थिति में सफर कर रहे थे। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी।
पुलिस के मुताबिक वाहनों में सवार मजदूरों में कई बच्चे भी शामिल थे, जिन्हें मजदूरी के लिए ले जाया जा रहा था। बच्चों को इस तरह असुरक्षित परिस्थितियों में ले जाने पर पुलिस ने नाराजगी जताई और वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी।
चौकी प्रभारी अजय कुमार ने कहा कि मालवाहक वाहनों में इस प्रकार सवारियां ढोना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ और बाल श्रम जैसे मामलों को भी गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि आगे भी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से पिकअप चालकों और संबंधित लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

