महिला सुरक्षा से साइबर अपराध तक, सोनभद्र पुलिस ने लोगों को किया जागरूक

सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस की ओर से मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी और OTP किसी के साथ साझा न करने के प्रति भी सावधान किया गया।
पुलिस ने महिलाओं और आमजन से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की। जागरूकता अभियान के दौरान 112 आपातकालीन सेवा, 1090/1091 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।
पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाकर ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

ये भी पढ़िए