मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतरवाकर शुरू की विधिक कार्रवाई
अनपरा/सोनभद्र। थाना अनपरा क्षेत्र के ग्राम कुलडोमरी के टोला बरोहिया में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने घर के अंदर बड़ेर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महेंद्र पुत्र तुलमन (38 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि महेंद्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10 बजे उसने घर के अंदर बड़ेर में गमछे के सहारे फंदा लगा लिया।
घटना की जानकारी परिजनों ने शाम करीब पांच बजे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अशोक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार मौके पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है। कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार यादव एवं कांस्टेबल अजीत यादव मौजूद रहे।

